home page

बख्तियारपुर थाना के तुर्की गांव में देशी शराब, हथियार व गोली के साथ एक युवक गिरफ्तार

 | 
बख्तियारपुर थाना के तुर्की गांव में देशी शराब, हथियार व गोली के साथ एक युवक गिरफ्तार


सहरसा, 13 सितंबर (हि.स.)। जिले के बख्तियारपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार की रात तुर्की गांव में छापेमारी कर हथियार, गोली और करीब छह लीटर चुलाई शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार की पहचान थाना क्षेत्र के तुर्की गांव के वार्ड संख्या तीन निवासी विजय कुमार उर्फ विजय यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके घर की तलाशी के दौरान एक देसी कट्टा, एक कारतूस और करीब छह लीटर चुलाई शराब बरामद की है।

आरोपित के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और हथियार बरामदगी के मामले में वह पहले भी जेल जा चुका है। बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार ने बताया कि शनिवार की रात थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी राजा कुमार रात्रि गश्ती कर रहे थे।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तुर्की गांव के वार्ड संख्या तीन में एक व्यक्ति द्वारा चुलाई शराब का भंडारण कर रखा गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सूचना का सत्यापन कराया। सूचना सही पाए जाने पर पुलिस पदाधिकारी राजा कुमार, दारोगा अमरजीत सिंह सहित अन्य पुलिस बल को साथ लेकर रात करीब एक बजे विजय यादव के घर पहुंची।पुलिस टीम के घर पहुंचते ही अंदर से कुछ फेंके जाने की आवाज सुनाई दी।

इस पर पुलिस ने तत्काल घर की घेराबंदी कर दी और घर की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान घर के पीछे झाड़ी में फेंका हुआ एक कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने कट्टे के चेंबर की जांच की तो उसमें एक कारतूस लोड मिला। इसके बाद घर के पीछे छिपाकर रखे गए हरे रंग के गैलन की जांच की गई, जिसमें करीब छह लीटर चुलाई शराब बरामद हुई।

पुलिस ने बरामद हथियार के संबंध में विजय कुमार से वैध कागजात प्रस्तुत करने को कहा। हालांकि, वह हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने कट्टा, कारतूस और चुलाई शराब को जब्त कर लिया और विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार विजय यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व से कई मामले दर्ज हैं। हथियार बरामदगी के मामले में वह पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस आरोपित के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपित को रविवार को सहरसा न्यायालय भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार