home page

अनूपपुर: चोरी के मोबाइल बेचने के फिराक में घूम रहा युवक गिरफ्तार, 7 मोबाइल बरामद

 | 
अनूपपुर: चोरी के मोबाइल बेचने के फिराक में घूम रहा युवक गिरफ्तार, 7 मोबाइल बरामद


अनूपपुर, 14 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) अनूपपुर ने रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे प्लेटफार्म एवं ट्रेन चेकिंग अभियान के दौरान चोरी के मोबाइलों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹1,15,500 बताई गई है।

जानकारी के अनुसार शनिवार-रविवार की रात रेलवे स्टेशन अनूपपुर में प्लेटफार्म एवं ट्रेन चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर एक युवक कटनी-बिलासपुर मेमू ट्रेन से उतरकर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम महेंद्र सिंह पुत्र अर्जुन सिंह, (26) वर्ष, निवासी बड़ा लखौरा, थाना राजेंद्रग्राम, जिला अनूपपुर बताया।

तलाशी एवं पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल बरामद हुआ, जिस पर चौकी जीआरपी अनूपपुर में अपराध की धारा 303(2) बीएनएस से किया गया। मोबाइल चोरी का होना प्रमाणित पाए जाने पर उसे विधिवत जप्त किया गया। आरोपी के बैग की तलाशी लेने पर विभिन्न कंपनियों के 6 अन्य मोबाइल फोन बरामद हुए, बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग ₹1,00,500 आंकी गई है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह इन मोबाइलों को बेचने की नीयत से शहडोल से अनूपपुर आया था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध की धारा 317(2) एवं 317(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर मोबाइल जब्त किए तथा आरोपी को गिरफ्तार किया जिसे न्यायालय में प्रस्तु त किया जायेगा।

जीआरपी के अनुसार आरोपी का पूर्व से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उल्लेखनीय है कि शासकीय रेल पुलिस अनूपपुर द्वारा पिछले एक माह के भीतर विभिन्न मामलों में 15 मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹2,67,500 है, बरामद किए जा चुके हैं। इस कार्रवाई में जीआरपी चौकी प्रभारी एएसआई प्रीतम सिंह, प्रधान आरक्षक विनोद गौतम तथा आरक्षक मनोज यादव एवं संजीत शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जीआरपी चौकी प्रभारी ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण के लिए जीआरपी द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लग रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला