home page

एएनटीएफ की सूचना : 498 ग्राम एमडी ड्रग के साथ युवक को पकड़ा, स्कूटी जब्त

 | 
एएनटीएफ की सूचना : 498 ग्राम एमडी ड्रग के साथ युवक को पकड़ा, स्कूटी जब्त


जोधपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। शहर की एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 498 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ के अलावा एक काला बैग, जूते का डिब्बा, तीन मोबाइल फोन और एक सफेद रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

एयरपोर्ट थानाधिकारी भारत सिंह रावत ने बताया कि पुलिस जाब्ते के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। तब रात करीब 10.48 बजे पीसीआर के माध्यम से सूचना मिली कि उचियारड़ा चौराहे पर एएनटीएफ की टीम ने एक संदिग्ध युवक को स्कूटी सहित रोक रखा है। सूचना पर थानाधिकारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एएनटीएफ टीम के सदस्यों ने युवक को पुलिस के सुपुर्द किया।

पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान नवीन चौधरी (23) निवासी बांकलिया, पीपाड़ सिटी, हाल आदर्श नगर, बनाड़, जोधपुर के रूप में बताई। उसके कंधे पर लटके काले बैग की तलाशी लेने पर रीबॉक कंपनी के जूते के डिब्बे में पारदर्शी प्लास्टिक थैली मिली। इसमें क्रिस्टलनुमा हल्के भूरे रंग का पदार्थ भरा हुआ था। पुलिस ने जांच और अनुभव के आधार पर इसे एमडी मादक पदार्थ माना। तौल करने पर प्लास्टिक थैली सहित इसका कुल वजन 498 ग्राम पाया गया।

मादक पदार्थ सीलबंद, तीन मोबाइल भी जब्त :

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ को सीलबंद किया। आरोपी के कब्जे से मिले तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। इसके अलावा मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल होने के संदेह में होंडा एक्टिवा स्कूटी को भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मादक पदार्थ रखने या परिवहन करने का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत गिरफ्तार किया गया।

मादक पदार्थ की डिलीवरी को लेकर बदले बयान :

थानाधिकारी रावत ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले बताया कि वह मादक पदार्थ प्रकाश सिरोही निवासी चांदेलाव से लेकर आया था और उसे गोरा होटल पर पहुंचाना था। आरोपी के अनुसार, प्रकाश उसे मोबाइल फोन के माध्यम से बताने वाला था कि माल लेने कौन आएगा।

हालांकि, थाने पहुंचने के बाद आरोपी ने अपने पूर्व के बयान बदलते हुए पुलिस को बताया कि उसे कथित तौर पर यह मादक पदार्थ पैराडाइज होटल के पास प्रेम हुड्डा निवासी रामड़ावास ने दिया था। उसके अनुसार, इसे गोरा होटल पर राकेश विश्नोई निवासी गुड़ा तथा दिलीप सेंगवा निवासी बॉम्बे मोटर्स को पहुंचाना था। आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि उसने पहले प्रेम हुड्डा का नाम छिपाने के लिए प्रकाश सिरोही का नाम लिया था।

सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस :

आरोपी के बयानों में सामने आए अलग-अलग नामों के आधार पर पुलिस अब मादक पदार्थ के स्रोत, संभावित सप्लाई नेटवर्क और कथित डिलीवरी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस ने जब्त सामग्री को नियमानुसार मालखाने में जमा करवाया और आरोपी को हवालात में रखा। प्रकरण का अग्रिम अनुसंधान रातानाडा थानाधिकारी निरीक्षक जुल्फिकार के जिम्मे सौंपा गया है।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान आरोपियों की भूमिका और मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जाएगी। फिलहाल मामले में गिरफ्तार नवीन चौधरी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश