रायपुर : धारदार तलवार लहराकर लोगों को भयभीत करने वाला युवक गिरफ्तार
रायपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। आम सड़क पर धारदार तलवार लहराकर राहगीरों और नागरिकों को भयभीत करने वाले एक युवक को थाना आमानाका पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से धारदार तलवार बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
शनिवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, असामाजिक तत्वों तथा अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 14 अगस्त 2026 को थाना आमानाका पुलिस को सूचना मिली कि, महावीर बाजार चौक के पास एक युवक हाथ में धारदार तलवार लेकर सड़क पर उसे लहरा रहा है और राहगीरों एवं आम नागरिकों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपित की पहचान शिवम राय (22 वर्ष), निवासी कबीर नगर, रायपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार तलवार बरामद हुई, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

