home page

सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर डांस करने वाला युवक गिरफ्तार

 | 

भागलपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और सरेआम हथियार चमकाकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ भागलपुर पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है।

इंटरनेट मीडिया पर दोनों हाथों में पिस्टलनुमा हथियार लेकर महिला डांसरों के साथ ठुमके लगाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर निवासी मुकेश पाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी हाल ही में जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया था।

सलाखों से बाहर आते ही उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक गुप्त ठिकाने पर बार बालाओं के डांस का कार्यक्रम आयोजित किया, जहां वह भोजपुरी गानों की धुन पर बेखौफ होकर दोनों हाथों में हथियार लहराने लगा। किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। मामला संज्ञान में आते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस पूछताछ में आरोपी मुकेश पाल ने दावा किया कि वीडियो में दिख रही पिस्टल कोई असली आग्नेयास्त्र नहीं, बल्कि उसने केवल रील बनाने और शौक के लिए नकली खिलौना/लाइटर खरीदा था। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने उसके इस दावे को महज बचाव का तर्क मानते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने सख्त हिदायत दी है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता या व्यूज बटोरने के लिए हथियारों का प्रदर्शन करने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर