अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार, 33 पौवा शराब जब्त
रायपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। टिकरापारा थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 33 पौवा देशी शराब (करीब 5.94 लीटर) बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 3,300 रुपये बताई गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, संतोषी नगर स्थित सीरत मैदान के पास एक युवक अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टिकरापारा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपित को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपित की तलाशी लेने पर उसके पास से 33 पौवा गोवा और शोले ब्रांड की देशी शराब बरामद की। पूछताछ के बाद आरोपी की पहचान 24 वर्षीय दिनेश सागर निवासी संतोषी नगर, टिकरापारा के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ टिकरापारा थाने में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, शहर में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

