नाबालिग को बिहार ले जाने की कोशिश में युवक गिरफ्तार
कानपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर किशोरी को अपने साथ बिहार ले जाने की कोशिश कर रहे एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। सूचना मिलने पर गुजैनी पुलिस ने किशोरी को बरामद कर युवक को गिरफ्तार कर लिया।
गुजैनी थाना क्षेत्र के बर्रा-8 निवासी 16 वर्षीय किशोरी की बिहार के सिवान निवासी मो. कैफ से जान-पहचान थी। आरोप है कि मो. कैफ किशोरी को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद उसे अपने साथ बिहार ले जाने का प्रयास किया।
मामले की जानकारी होने पर स्टेशन पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और मो. कैफ को पकड़कर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। सूचना मिलने पर गुजैनी पुलिस स्टेशन पहुंची और किशोरी को अपने कब्जे में लेने के साथ युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने किशोरी के परिजनों से भी जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने मंगलवार को बताया कि आरोप है कि युवक किशोरी को अपने साथ बिहार ले जाकर धर्मांतरण कराने कराने की तैयारी में था। नाबालिग के पिता की तहरीर पर मो. कैफ के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम और अपहरण की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस ने किशोरी के बयान समेत अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

