home page

देवपुरी में अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार, 33 पौवा शराब जब्त

 | 
देवपुरी में अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार, 33 पौवा शराब जब्त


रायपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। टिकरापारा थाना पुलिस ने देवपुरी के भाठापारा इलाके में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बेच रहे एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को आरोपित के कब्जे से 33 पौवा देशी शराब (5.940 लीटर) जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 3,560 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि, देवपुरी भाठापारा निवासी गजेंद्र माहेश्वरी अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टिकरापारा थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपित के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां बिक्री के लिए रखी गई 33 पौवा देशी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान गजेंद्र माहेश्वरी (21) निवासी काली मंदिर के पास, भाठापारा देवपुरी, थाना टिकरापारा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 616/2026 दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, शहर में अवैध शराब कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में टिकरापारा थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर