देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक पोस्ट वायरल करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
कानपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पोस्ट करीब दो महीने पहले डाली गई थी, जिसे कुछ देर बाद हटा दिया गया, लेकिन उसके स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे।
चकेरी एसीपी आशुतोष कुमार सिंह ने बुधवार काे बताया कि 27 जून को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई थी। पोस्ट से धार्मिक भावनाएं आहत होने की शिकायत के बाद पुलिस ने वायरल स्क्रीनशॉट और उससे जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की। जांच में पोस्ट डालने वाले युवक की पहचान चकेरी के गढ़ियाना निवासी जफर आलम कुरैशी के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, पोस्ट हटाए जाने के बावजूद उसका स्क्रीनशॉट पिछले चार दिनों से सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रहा था। पुलिस ने स्क्रीनशॉट के आधार पर पोस्ट की सत्यता और उसे अपलोड करने वाले व्यक्ति के संबंध में जानकारी जुटाई।
एसीपी ने बताया कि जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर युवक को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले में धार्मिक भावनाएं आहत करने और लोगों के बीच वैमनस्य फैलाने के आरोपों के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

