home page

महिला से छेड़छाड़ के आरोप में युवक गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल

 | 
महिला से छेड़छाड़ के आरोप में युवक गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल


रायगढ़, 18 अक्टूबर (हि. स.)। रायगढ़ में महिला से छेड़छाड़ के आरोप में महिला थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान मनीष राठिया (30 वर्ष), पिता चकबंदी राठिया, निवासी संबंधित गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय युवती ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव का मनीष राठिया पूर्व में भी दिशा मैदान के लिए जाने वाली महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अशोभनीय हरकतें करता था। ग्रामीणों और बीडीसी द्वारा उसे समझाइश भी दी गई थी, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ।

जंगल में जाने के दौरान छेड़छाड़ का आरोप

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 18 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे वह घर के पास स्थित जंगल में दिशा मैदान के लिए गई थी। इसी दौरान आरोपी झाड़ियों के पीछे छिपा हुआ था। आरोप है कि उसने गलत नीयत से पीड़िता के पास पहुंचकर उसका हाथ और साड़ी पकड़कर खींचतान की तथा छेड़छाड़ की।

बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज

पीड़िता की रिपोर्ट पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 92/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 और 77 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

आरोपित की तलाश में महिला थाना और थाना चक्रधरनगर की पेट्रोलिंग टीम रवाना की गई। पुलिस ने आरोपित को उसके निवास पर मौजूद पाए जाने के बाद हिरासत में लिया और महिला थाना के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।

न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी देते हुए विधिवत गिरफ्तार किया और इसकी सूचना उसकी पत्नी को दी। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कुसुम केंवट, विवेचना अधिकारी प्रधान आरक्षक प्रमिला महंत और थाना चक्रधरनगर की पेट्रोलिंग टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान