home page

अवैध गांजा के साथ तीन युवक गिरफ्तार

 | 
अवैध गांजा के साथ तीन युवक गिरफ्तार


रायपुर, 16 जुलाई (हि. स.)। राजधानी रायपुर के थाना डी.डी. नगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी और परिवहन के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 2.150 किलोग्राम गांजा तथा घटना में प्रयुक्त एक एक्टिवा वाहन जब्त किया है।

डी.डी. नगर पुलिस ने आज गुरुवार काे जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 15 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि, कुछ युवक रायपुरा स्थित बीआरएनटी कॉलोनी वाटर पार्क के पास एक्टिवा वाहन से गांजा लेकर बिक्री के उद्देश्य से आने वाले हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान अवंश मोदक (20), निवासी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, डी.डी. नगर; आर्यन सारथी (20) तथा अमित सारथी (18), दोनों निवासी बाजार चौक, चंगोराभाठा, रायपुर के रूप में बताई।

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए तलाशी ली, जिसमें एक्टिवा वाहन में रखे कपड़े के थैले से 2.150 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। गांजा और वाहन को जब्त कर आरोपितों के विरुद्ध थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 433/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की विवेचना जारी है तथा गांजा के स्रोत और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन अथवा सेवन संबंधी किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर