इंस्टाग्राम रील के लिए खरीदा अवैध तमंचा, युवक गिरफ्तार
कानपुर, 13 मार्च (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया फॉलोअर्स और लाइक्स पाने के उद्देश्य असलहे के साथ रील बनाकर पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट में जेल भेज दिया।चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर एक युवक का अवैध असलहे के साथ बनाया गया वीडियो सामने आया था। मामला संज्ञान में आते ही चकेरी पुलिस ने युवक की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी। करीब एक सप्ताह की खोजबीन के बाद गुरुवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया।पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक अवैध तमंचा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम निशांत गुप्ता, निवासी पीएसी मोड़, चकेरी बताया। यह भी कहा कि उसे सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक है। इसी वजह से उसने उन्नाव से करीब पांच हजार रुपये में तमंचा खरीदा और उसके साथ वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया था, जो बाद में वायरल हो गया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

