home page

कुशेश्वरस्थान बाजार में देसी कट्टा लहराता युवक गिरफ्तार

 | 
कुशेश्वरस्थान बाजार में देसी कट्टा लहराता युवक गिरफ्तार


दरभंगा, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले के कुशेश्वरस्थान बाजार में सरेआम देसी कट्टा लहराने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुरानी दुर्गा मंदिर के समीप से उसे दबोच लिया। गिरफ्तार युवक के पास से एक देसी कट्टा, दो मोबाइल फोन और पल्सर बाइक बरामद की गई है।

गिरफ्तार युवक कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के उदा गांव निवासी नथुनी राम के 33 वर्षीय पुत्र मिंटू राम है। बताया जाता है कि युवक को हाथ में देसी कट्टा लेकर लहराते देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने गश्ती दल को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।

पुलिस अवर निरीक्षक रूपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, आईफोन और ओप्पो कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ। उसकी पल्सर बाइक भी जब्त कर ली गई।

हथियार बरामद होने के बाद पुलिस उसकी खरीद-बिक्री और आपूर्ति के स्रोतों का पता लगाने में जुट गई है। यह भी जांच की जा रही है कि युवक को हथियार कहां से मिला और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार युवक के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra