जांजगीर-चांपा: बीच सड़क पर छुरा लहराकर राहगीरों को डरा रहा था युवक,गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 27 अक्टूबर (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में हाथ में छुरा लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मुलमुला-नरियरा मार्ग पर हनुमान मंदिर के सामने सार्वजनिक सड़क पर नंगा छुरा लहराकर आने-जाने वाले लोगों में दहशत फैला रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद मुलमुला पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ लिया। उसके कब्जे से लोहे का एक छुरा जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आज 27 अक्टूबर को मुलमुला थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुलमुला निवासी चंद्रकांत नवरंगे हाथ में नंगा छुरा लेकर मुलमुला-नरियरा रोड स्थित हनुमान मंदिर के सामने आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान आरोपित चंद्रकांत नवरंगे को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लोहे का एक छुरा जब्त किया। इसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में की गई। जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सार्वजनिक स्थानों पर भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में मुलमुला थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक रितेश परमा, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन, आरक्षक सनोहर जगत और राजेश कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

