राहगीरों को चाकू दिखाकर दहशत फैला रहा युवक गिरफ्तार
रायपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को भयभीत कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार आज बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, बृज नगर नई बस्ती में एक युवक अवैध रूप से धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान द्वारिका बिसेन (19 वर्ष), निवासी बृज नगर नई बस्ती, थाना टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 662/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, शहर में चाकूबाजी और अवैध हथियार रखने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार सघन पेट्रोलिंग की जा रही है। अवैध हथियार लेकर लोगों में दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

