भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 16 मार्च (हि.स.)। नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस ने एक किलो से अधिक ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का नाम अबुल कासिम (27) है, जो मालदा जिले के वैष्णवनगर का निवासी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात मालदा से ट्रेन में सवार होकर यह युवक नक्सलबाड़ी पहुंचा था। नक्सलबाड़ी के रथखोला मोड़ पर उसे संदिग्ध रूप से घूमते देख पुलिस को शक हुआ। इसके बाद तलाशी लेने पर युवक के पीठ पर मौजूद बैग से 11 प्लास्टिक के डिब्बे बरामद किए गए। डिब्बों को खोलने पर उनमें से ब्राउन शुगर बरामद हुआ। जिसका वजन एक किलो से अधिक था। मादक पदार्थ बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपित युवक को ड्रग तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि वह मालदा से मादक पदार्थ लाकर सीमा क्षेत्र में उसकी डिलीवरी करने के उद्देश्य से आया था। नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

