home page

अनूपपुर: रेलवे स्टेशन में संदिग्ध अवस्था में यात्रियों के सामान की ताकझांक करता युवक गिरफ्तार, 1.89 लाख का सामान बरामद

 | 
अनूपपुर: रेलवे स्टेशन में संदिग्ध अवस्था में यात्रियों के सामान की ताकझांक करता युवक गिरफ्तार, 1.89 लाख का सामान बरामद


अनूपपुर, 20 जून (हि.स.)। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) एवं रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के गहने और नकदी सहित करीब एक लाख 89 हजार रुपये का माल बरामद किया है। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

जीआरपी चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक प्रीतम सिंह ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की रात अनूपपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म और ट्रेनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक युवक यात्रियों की भीड़ में संदिग्ध गतिविधियां करते और उनके सामानों पर नजर रखते हुए दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लक्ष्मण बंसल (24 वर्ष) पिता हीरामणी बंसल निवासी केराडोल, थाना पोड़ी, जिला एमसीबी (छत्तीसगढ़) बताया। स्टेशन पर आने के उद्देश्य के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर पुलिस को उस पर संदेह हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अप्रैल माह में अमरकंटक एक्सप्रेस के जनरल कोच से एक महिला यात्री का बैग चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने दो अन्य ट्रेनों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया तथा चोरी का सामान अपने घर में छिपाकर रखने की जानकारी दी।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(सी) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर केराडोल से चोरी का माल बरामद किया गया।

1.89 लाख रुपये का माल बरामद

बरामद सामान में शामिल हैं, नकदी चार हजार रुपये, सोने का झुमका- 90 हजार रुपये, सोने का लॉकेट- 12 हजार रुपये, मंगलसूत्र – 40 हजार रुपये, सोने के कान के टॉप्स- 22 हजार रुपये, जितिया- 11 हजार रुपये, चांदी की पायल- 10 हजार रुपये। इस तरह से बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 89 हजार रुपये आंकी गई है।

संयुक्त टीम की अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में जीआरपी चौकी प्रभारी सउनि प्रीतम सिंह, सउनि विनोद गौतम, आरक्षक मनोज यादव, संजीत शर्मा तथा रेल सुरक्षा बल (टास्क टीम) अनूपपुर के सउनि अमरेन्द्र सिंह एवं आर.डी. के पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उससे अन्य मामलों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला