महिला के घर में आग लगाने के आरोप में युवक गिरफ्तार
अलीपुरद्वार, 19 सितंबर (हि.स.)। अलीपुरद्वार नगरपालिका के वार्ड नंबर सात स्थित सुकांतपल्ली, लेबुबागान इलाके में शुक्रवार देर रात एक महिला के घर में आग लगाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित की पहचान अनिल सरकार के रूप में हुई है।बताया गया कि देर रात महिला के घर से अचानक आग और धुआं उठता देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के दौरान अनिल सरकार को कथित तौर पर घर में आग लगाने की कोशिश करते हुए पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने शनिवार को मामले में अनिल सरकार को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक आरोपों के मुताबिक, रिश्ते को लेकर हुए विवाद के बाद गुस्से में आरोपित ने कथित तौर पर महिला के घर में आग लगाने की कोशिश की है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

