home page

युवक और किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान, परिवारों में मचा कोहराम

 | 
युवक और किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान, परिवारों में मचा कोहराम


बांदा, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बिसंडा और बबेरू थाना क्षेत्रों में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक और एक किशोरी की फांसी लगाने से मौत हो गई। दोनों घटनाओं के समय घर पर परिजन मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनाओं से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

बिसंडा थाना क्षेत्र के तेंदुरा गांव निवासी चिंटू उर्फ सत्येंद्र (26) ने बुधवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर के कमरे में पंखे के हुक से रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय उसकी मां ललिता खेत से चारा लेने गई थी, जबकि पिता ब्रजमोहन सिंह बड़े बेटे की पत्नी राधा को उसके मायके छोड़ने गए थे। घर लौटने पर मां ने खिड़की से बेटे को फंदे पर लटका देखा तो चीख-पुकार मचा दी। आवाज सुनकर पहुंचे परिजनों और पड़ोसियों ने युवक को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों के मुताबिक, चिंटू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह गुजरात में रहकर पेंटिंग का काम करता था और करीब एक महीने पहले ही गांव लौटा था। चचेरे भाई अंकित ने बताया कि घटना के समय वह घर में अकेला था और शराब का आदी था।

वहीं, बबेरू कस्बे के जमुनिहा पुरवा में 16 वर्षीय रोशनी पुत्री ओमप्रकाश वर्मा ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। बताया गया कि बुधवार को उसकी मां कुसुमकली और भाई बाकल में खिलौने की दुकान पर गए थे, जबकि पिता मजदूरी करने निकले थे। दोपहर करीब चार बजे छोटे भाई ने घर के अंदर रोशनी को फंदे पर लटका देखा। उसने पिता और मोहल्ले के लोगों को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। रोशनी तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटी थी। बेटी की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह