सुलतानपुर में युवक को मारी गोली, घायल
सुलतानपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक अपनी पत्नी के साथ बाइक से घर जा रहा था। घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दो टीमें लगाई गई हैं।
अखंडनगर थाना क्षेत्र के सरावां गांव के रहने वाले राजन (28) पुत्र रामस्वरथ अपनी पत्नी करिश्मा के साथ अलीपुर बाजार से घर लौट रहे थे। प्राथमिक विद्यालय के पास दो बाइक सवारों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने के बाद राजन की पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। वे राजन को एक प्राइवेट गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर मे भर्ती कराया गया।
सीएचसी अखंडनगर के डॉक्टर अभय चौरसिया ने राजन को प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सुलतानपुर के मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। राजन की पत्नी करिश्मा का रो-रोकर बुरा हाल था। पत्नी करिश्मा और गांव के दो अन्य लोग एंबुलेंस से राजन के साथ जिला अस्पताल गए हैं। राजन को चार छर्रे लगे हैं। इनमें से एक सीने में, एक पेट में और दो पीठ में लगे हैं।
सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि घायल को बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दो टीमें बनाई गई हैं।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि घायल युवक गांव की एक लड़की को परेशान कर रहा था। इसी वजह से लड़की के भाइयों ने यह कदम उठाया होगा। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है। वहीं, जिस पर आरोप लगाया गया है, वह मौके पर नहीं मिला। पुलिस ने उसे भी बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

