नाबालिग को भगा ले गया युवक, परिजनों ने काटा बवाल, आराेपित के घर पर की पत्थरबाजी
बहराइच, 21 जून (हि.स.)। दरगाह थाना क्षेत्र में रविवार को एक किशोरी के गायब हो जाने को लेकर गम्भीर तनाव की स्थिति उतपन्न हो गयी। दूसरे समुदाय के एक युवक पर नाबालिग को बहलाकर भगा ले जाने का आरोप लगा दो पक्ष आमने-सामने आ गए।
आक्रोशितों ने आरोपित युवक के घर पहुँचकर जमकर बवाल काटा, रेलिंग क्षतिग्रस्त कर दी औऱ पत्थरबाजी भी की। इसमें युवक के सहयोगी की आटा चक्की में आग लगाने की भी कोशिश की गई।
ग्राम पंचायत शेखवापुर के रहने वाले एक ग्रामीण की नाबालिग पुत्री करीब तीन दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गयी थी। परिवारजनों का कहना है कि ग्राम पंचायत डिहवा के रहने वाला मोनू अपने एक सहयोगी की सहायता से नाबालिग को फुसलाकर भगा ले गया है।
रविवार को मामले ने तूल पकड़ लिया,बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीण आरोपित के घर पहुँचकर तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की। इतना ही नहीं आरोपित की आटा की चक्की में आग लगाने का भी प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गयी,स्थिति की गम्भीरता के मद्देनजर दरगाह, कोतवाली देहात और नगर की पुलिस पार्टी के साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल घटनास्थल पर तैनात किया गया। स्वयं पुलिस उपाधीक्षक नगर नारायण दत्त मिश्र घटनास्थल पर कैम्प कर नजर बनाए हुए हैं।
हालांकि पुलिस ने चक्की में आग लगाये जाने की घटना से इनकार किया है,पुलिस के अनुसार चक्की में शार्ट सर्किट के कारण धुआं उठने की खबर मिली थी,जिस पर काबू पा लिया गया है।
क्षेत्राधिकारी एन डी मिश्र ने बताया कि पीड़ित पक्ष के प्रार्थना पत्र पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। नाबालिग और उसे भगाकर ले जाने के आरोपित की तलाश के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

