home page

राजगढ़ःखेत पर मोटर निकालने गया 18 वर्षीय युवक कुएं में मिला मृत

 | 
राजगढ़ःखेत पर मोटर निकालने गया 18 वर्षीय युवक कुएं में मिला मृत


राजगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मेहराजपुरा में खेत स्थित कुएं में मंगलवार की रात 18 वर्षीय युवक का शव मिला। युवक खेत पर मोटर निकालने गया था। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की गई है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मेहराजपुरा निवासी सियाराम पुत्र देवीसिंह सौंधिया मंगलवार रात खेत पर मोटर निकालने गया था। उसने मदद के लिए अपने अंकल दशरथ को फोन किया। कुछ देर बाद दशरथ खेत पर पहुंचे तो मोटर कुएं से बाहर निकली हुई थी, लेकिन सियाराम दिखाई नहीं दिया। कुएं में झांककर देखा तो वह अंदर बेसुध हालत में पड़ा था। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सियाराम कक्षा 12वीं में पढ़ रहा था। आठ साल पहले उसके पिता देवीसिंह सौंधिया की करंट लगने से मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपनी मां लाडबाई और छोटी बहन के साथ मामा के घर रहता था। सियाराम परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों के मुताबिक, सियाराम के पेट में पानी नहीं भरा था और मुंह से झाग भी नहीं निकला था। उसके गले और पेट पर मामूली लाल निशान होने की बात सामने आई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक