home page

राजगढ़ः लॉज परिसर में टीनशेड के पाइप से फंदा लगाकर युवक ने की खुदकुशी

 | 
राजगढ़ः लॉज परिसर में टीनशेड के पाइप से फंदा लगाकर युवक ने की खुदकुशी


राजगढ़, 17 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में गुना रोड स्थित कमला लॉज परिसर में गुरुवार दोपहर 40 वर्षीय युवक ने टीनशेड के पाइप से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम जैपला निवासी युधिष्ठर (40) पुत्र कन्हैयालाल पांडे ब्यावरा की आदर्श कॉलोनी में पत्नी और दो बेटों के साथ रहते थे। वह कृषि सेवा केंद्र पर काम करते थे। गुरुवार दोपहर वह कमला लॉज परिसर में पहुंचे। कुछ देर बाद उन्होंने टीनशेड के पोल से रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों के मुताबिक युधिष्ठर कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे हैं। बड़ा बेटा कक्षा 12वीं और छोटा बेटा कक्षा 5वीं में पढ़ता है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस का कहना है कि युवक ने किन परिस्थितियों में यह आत्मघाती कदम उठाया, इसका अभी पता नहीं चल सका है। मामले में परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ कर जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक