राजगढ़ः युवक ने कमरे में फांसी लगाकर की खुदकुशी
राजगढ़, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम लोधीपुरा में 29 वर्षीय युवक ने गुरुवार अलसुबह अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम लोधीपुरा निवासी ओमप्रकाश (29) पुत्र रामचरण लोधी ने घर के कमरे में पंखे के कुंदे से रस्सी बांधकर फंदा लगा लिया। घटना का पता चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ओमप्रकाश खेती-किसानी का कार्य करता था। उसके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों बच्चे अपनी दादी के पास सो रहे थे, जबकि उसकी पत्नी पिछले आठ-दस दिनों से अपने मायके तलावड़ा महाराजा में रह रही थी। परिजनों के मुताबिक कुछ समय पहले पत्नी द्वारा उस पर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए थे। वहीं, घटना से पहले ओमप्रकाश ने रात में अपनी भांजी से मोबाइल पर बातचीत भी की थी।हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

