home page

राजगढ़ः घर में तराई करते समय सांप के काटने से 25 वर्षीय युवक की मौत

 | 
राजगढ़ः घर में तराई करते समय सांप के काटने से 25 वर्षीय युवक की मौत


राजगढ़, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर सांप के काटने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर जीरो पर मर्ग कायम किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम मोड़ी, थाना सुसनेर, जिला आगर निवासी विठ्ठल पुत्र भैरूलाल अहिरवार मंगलवार को अपने घर में तराई का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक सांप ने उसे काट लिया। सांप के काटने के बाद युवक की हालत बिगड़ने लगी और वह बेसुध हो गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल सारंगपुर लेकर पहुंचे।

परिजनों के अनुसार अस्पताल पहुंचने के बाद वे युवक को उपचार के लिए एक देवस्थान पर भी ले गए। वहां उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। स्थिति बिगड़ने पर परिजन उसे दोबारा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण किया, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर सारंगपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। चूंकि घटना सुसनेर थाना क्षेत्र के ग्राम मोड़ी की है, इसलिए सारंगपुर पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम कर प्रकरण संबंधित थाना सुसनेर को जांच के लिए सौंप दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक