राजगढ़ःकरंट की चपेट में आने से युवक की मौत
राजगढ़, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया थाना क्षेत्र के ग्राम रतनपुरिया में शुक्रवार की रात खेत में सिंचाई करने के दौरान करंट लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम रतनपुरिया निवासी शिवनारायण पुत्र नंदलाल सोंधिया बीती रात खेत में सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान वह खेत में फैले बिजली के तारों की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार की आर्थिक मदद करता था युवक बताया गया कि शिवनारायण अविवाहित था और परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसका एक भाई है। वह क्रेशर मशीन पर ट्रैक्टर चलाकर परिवार की मदद करता था। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद देहात ब्यावरा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंपा। पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम कर प्रकरण संबंधित सुठालिया थाने को जांच के लिए भेज दिया है। युवक किन परिस्थितियों में बिजली के तारों की चपेट में आया, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

