राजगढ़ः कमरे में फंदे पर लटका मिला 36 वर्षीय युवक का शव
राजगढ़, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र के पाड़ल्या रोड पर सोमवार सुबह एक 36 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में पंखे के कुंदे से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान लखन(36) पुत्र बंशीलाल मालवीय निवासी पाड़ल्या रोड के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि लखन शराब पीने का आदी था और कोई नियमित काम-धंधा नहीं करता था। रविवार रात उसने परिवार के लोगों से सामान्य बातचीत की और अपने कमरे में सोने चला गया। उसकी पत्नी और करीब 10-12 वर्षीय बेटा दूसरे कमरे में सो रहे थे। सोमवार तड़के जब परिजनों ने कमरे की ओर देखा तो लखन पंखे से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शव को अस्पताल पहुंचाया। युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

