home page

राजगढ़ः युवक का शव पेड़ पर लटका मिला, परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप

 | 
राजगढ़ः युवक का शव पेड़ पर लटका मिला, परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप


राजगढ़, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लखोनी में शनिवार सुबह गांव के बाहर पेड़ पर एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान लालसिंह तंवर (30 वर्ष) निवासी लखोनी के रूप में हुई। परिजनों ने शव देखने के बाद आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है और आरोपिता द्वारा शव को पेड़ पर टांग कर घटना को आत्महत्या जैसा दिखाने की कोशिश की गई हैं।

परिवार के अनुसार लालसिंह शुक्रवार देर रात से लापता था। घरवालों और रिश्तेदारों ने पूरी रात आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह गांव के बाहर सड़क किनारे पेड़ पर गमछे के फंदे से उसका शव लटका देखा गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खिलचीपुर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के प्रारंभिक बयान के अनुसार युवक शराब का आदी था और वह कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गांव में अपनी ससुराल में रह रहा था, जो बीते रोज रिश्तेदारों के साथ होडा माता मंदिर में मानता कार्यक्रम में शामिल हुआ था, जिसके बाद रात में लखोनी पहुंचा और सुबह उसका शव मिला। पुलिस का कहना है कि शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि मृतक के भाई ने स्पष्ट कहा है कि यह हत्या है और गांव के एक रिश्तेदार से उसका लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक