राजगढ़ः गाड़गंगा नदी में मिला युवक का शव
राजगढ़, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर क्षेत्र में सोमवार को गाड़गंगा नदी में एक युवक का शव मिला है।
घटना छोटे पुल के समीप तीसरे नाले के पास की है, जहां हाट बाजार के चलते बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। लोगों की नजर नदी में पड़े शव पर पड़ी, जिसके केवल सिर के बाल पानी के ऊपर दिखाई दे रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। स्थानीय युवक मुकेश मोंगिया की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस जांच में मृतक की पहचान 25 वर्षीय अर्जुन सोनी निवासी खिलचीपुर के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि अर्जुन वर्तमान में अपनी मां के साथ जीरापुर में रह रहा था। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। गाड़गंगा नदी में पिछले तीन महीनों के दौरान शव मिलने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 1 अप्रैल को जलमंदिर के समीप एक महिला का शव मिला था, जबकि 17 मई को 40 वर्षीय मजदूर बीरम वर्मा का शव नदी से बरामद हुआ था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

