राजगढ़ः 200 रुपये देने से मना करने पर मजदूर पर चाकू से हमला,आरोपित फरार
राजगढ़, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को रुपये देने से मना करने पर एक मजदूर पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। युवक से कुछ लोगों ने रोककर 200 रुपये मांगे थे। मना करने पर विवाद शुरू हो गया और इसी दौरान एक युवक ने लक्ष्मण पर चाकू से हमला कर दिया। बचाव में हाथ आगे करने से चाकू उसके हाथ में लग गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खुटियावे निवासी 28 वर्षीय लक्ष्मण तंवर अपने साथी हरीसिंह तंवर और बनेसिंह तंवर के साथ बाइक से खिलचीपुर आया था। इसी दौरान छापीहेड़ा रोड स्थित कॉलेज के समीप तीन लोगों ने हाथ देकर उनकी बाइक रुकवाई और 200 रुपये की मांग की। लक्ष्मण ने रुपये देने से मना किया तो उनके बीच कहासुनी होने लगी। कुछ देर बाद पांच अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। इसके बाद सभी ने मिलकर तीनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। लक्ष्मण का आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने उस पर चाकू से वार कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए उसने हाथ आगे कर दिया, जिससे चाकू हाथ में लग गया। घटना के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल लक्ष्मण अपने साथियों के साथ खिलचीपुर थाने पहुंचा और आरोपितों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

