home page

छोटे भाई ने बड़े भाई को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला

 | 
छोटे भाई ने बड़े भाई को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला


झुंझुनू, 30 अप्रैल (हि.स.)। झुंझुनू जिले के रसूलपुर गांव में चचेरे भाई के घर जाने को लेकर 2 भाइयों में झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने ट्रैक्टर से कुचलकर बड़े भाई की हत्या कर दी। बड़ा भाई दिल्ली की एक कंपनी में काम करता था और इन दिनों छुट्टियों पर घर आया हुआ था। झगड़े के दौरान चचेरे भाई ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर पत्थर से हमला कर दिया। बड़े भाई की हत्या को कुचलने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। परिजन बड़े भाई को गंभीर हालत में बुहाना के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पंचेरीकलां थाना अधिकारी बनवारी लाल ने बताया कि आज गुरुवार दोपहर 2 बजे सूचना मिली कि रसूलपुर गांव में एक युवक ने अपने बड़े भाई पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। उसे गंभीर हालत में पचेरीकलां के प्राइवेट हॉस्पिटल लाया गया जहां से बुहाना के सरकारी हॉस्पिटल रेफर कर दिया। सूचना पर पुलिस की टीम बुहाना अस्पताल पहुंची जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक की पहचान अनूप (35) पुत्र कंवर सिंह निवासी रसूलपुर के रूप में हुई। पुलिस आरोपी छोटे भाई की तलाश में जुटी है।

मृतक अनूप के चचेरे भाई कृष्ण कुमार ने बताया कि अनूप दिल्ली में एक लोहे की कंपनी में काम करता था। 2 दिन पहले ही वह छुट्टियों पर घर आया था। गुरुवार दोपहर 12 बजे अनूप ने हमारे घर पर खाना खाकर अपने घर गया था। इस पर से अजीत नाराज हो गया और झगड़ा करने लगा। झगड़ा होने पर अनूप ने मुझे बुलाया। जब तक मैं मौके पर पहुंचा तो अजीत ने बड़े भाई अनूप पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। जब मैंने रोकने की कोशिश की तो अजीत ने पत्थर से हमला किया, जिससे मेरे सिर पर चोट लग गई। बड़े भाई को कुचलने के बाद अजीत मौके से फरार हो गया।

कृष्ण कुमार ने बताया कि अनूप शादीशुदा था। उसकी पत्नी पीहर गई हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी। अनूप के पिता कंवर सिंह की कुछ समय पहले ही हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। अजीत भी शादीशुदा है और गांव में ही खेती बाड़ी करता है। अनूप दिल्ली से आता तो अपने चचेरे और मौसेरे भाइयों से मिलता था, इसी बात को लेकर अजीत नाराज रहता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश