home page

अनूपपुर: दुर्गा पंडाल आई युवती से मारपीट कर धर्म परिवर्तन की धमकी, आरोपी जेल में

 | 
अनूपपुर: दुर्गा पंडाल आई युवती से मारपीट कर धर्म परिवर्तन की धमकी, आरोपी जेल में


अनूपपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले जैतहरी थाना अंतगर्त वेंकटनगर चौकी क्षेत्र में दुर्गा पंडाल में पूजा करने गई युवती ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर मारपीट, गाली-गलौज करने और धर्म परिवर्तन के लिए धमकी देने का आरोप लगाया है।

युवती की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार को प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुपत किया जहां से जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, वेंकटनगर निवासी लडक़ी ने शिकायत में बताया कि 15 अक्टूबर की रात वह अपनी बहन के साथ दुर्गा पंडाल में पूजा करने गई थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 27 वर्षीय मजहर खान पुत्र शरीफ खान वहां पहुंचा और कथित तौर पर उसका हाथ पकडक़र खींचने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और धर्म परिवर्तन करने की धमकी दी। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने धमकाते हुए कहा कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी तो उसे वेंकटनगर में नहीं रहने देगा। युवती के अनुसार, आरोपी ने पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी भी दी। घटना के बाद वह रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी।

थाना प्रभारी जैतहरी गोकुलानंद पांडेय ने बताया कि शनिवार को युवती परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जिस पर आरोपी के विरूध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 74, 296(बी) और 351(2) तथा मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 की धारा 3 और 5 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला