नौकरी दिलाने के नाम पर युवती से ठगे 91 हजार रूपये
हमीरपुर, 27 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कस्बे के सिकंदरपुरा में योगा टीचर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक ने महिला से 91 हजार रुपये ठग लिए। महिला का कहना था कि युवक ने नौकरी के नाम पर रकम लेने के बाद 10 महीने तक बिना वेतन के काम कराया। वेतन और नौकरी के बारे में पूछने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और अब रकम लौटाने से भी मना कर रहा है। रविवार को पीड़िता के पिता ने कोतवाली में तहरीर दी है।
कस्बे के सिकंदरपुरा मोहल्ला निवासी परशुराम ने बताया कि अतरौलिया निवासी एक युवक ने उसकी बेटी अंजली को योगा टीचर की नौकरी दिलाने का लालच दिया था। नौकरी लगवाने के नाम पर उससे 91 हजार रुपये लिए थे। बताया कि अंजली से करीब 10 महीने तक काम कराया गया लेकिन उसे वेतन नहीं दिया। परशुराम के मुताबिक 10 महीने काम करने के बाद जब अंजली ने वेतन तथा नौकरी को लेकर आरोपी से जानकारी मांगी तो वह लगातार टालमटोल करने लगा। आरोपी ने रकम वापस करने से भी इनकार कर दिया। कोतवाल अनूप कुमार ने रविवार को बताया शिकायत मिली है जांच कर कार्रवाई की जायेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

