अनूपपुर: युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने जहरीले कीड़े के काटने की आशंका जताई
अनूपपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला चिकित्सालय में बुधवार-गुरुवार की रात 23 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 17, दफाई नंबर 2 निवासी सुनीता को कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला चिकित्सालय रेफर किया गया था। बताया जा रहा है कि जिला चिकित्सालय पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने जहरीले कीड़े के काटने की आशंका जताई हैं।
परिजनों के अनुसार, रात में खाना खाने के बाद सुनीता काेल ने किचन में बर्तन साफ कर वह बाथरूम गई, जहां चक्कर आने के बाद जमीन पर गिर पड़ी। रात में ही इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने देर रात सुनीता को जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस से उसे लेकर अनूपपुर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिला चिकित्सालय पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, कोतमा के डॉक्टरों ने सुनीता के मुंह से झाग आने की बात बताई थी। इसके बाद परिजनों ने आशंका जताई कि संभवतः किसी जहरीले कीड़े के काटने से उसकी तबीयत बिगड़ी होगी। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। सुनीता तीन बहनों और एक भाई में मझली थी। उसने 12वीं तक पढ़ाई की थी और आगे की पढ़ाई छोड़ दी थी। वह अविवाहित थी। गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

