home page

युवती की मौत मामले में मां और पड़ोसी महिला गिरफ्तार, तीन दिन की पुलिस रिमांड

 | 
युवती की मौत मामले में मां और पड़ोसी महिला गिरफ्तार, तीन दिन की पुलिस रिमांड


सिलीगुड़ी, 21 नवंबर (हि.स.)। डाबग्राम में युवती तनीषा घोष की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका की मां और एक पड़ोसी महिला को गिरफ्तार किया है। मृतका के पिता और भाई की लिखित शिकायत के आधार पर सिलीगुड़ी थाने की पुलिस ने मां दीपशिखा घोष (45) और पड़ोसी महिला पलाशी दास (35) को गिरफ्तार किया।

शनिवार को दोनों आरोपितों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां जांच के हित में अदालत ने उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

गौरतलब है कि बीते 19 नवंबर की रात डाबग्राम के 23 नंबर वार्ड में तनीषा घोष का शव उसके घर से बरामद किया गया था। युवती की असामान्य परिस्थितियों में हुई मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद मृतका के पिता और भाई ने आरोप लगाया था कि उसकी मां और पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने मिलकर उसकी हत्या की है। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती को खाने में कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर दिया गया हो सकता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार