home page

सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर लोगों से लूटपाट करने वाली युवती और उसका साथी गिरफ्तार

 | 
सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर लोगों से लूटपाट करने वाली युवती और उसका साथी गिरफ्तार


नोएडा, 09 अप्रैल (हि.स.)। साेशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर एक युवक को होटल में बुलाकर लूटपाट करने वाली युवती को थाना सेक्टर-126 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित महिला के पास से सोने की चेन, अंगूठी और 13 हजार रुपये कैश बरामद किया है।

एसीपी प्रवीण सिंह ने गुरुवार काे बताया कि युवती ने गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी कारोबारी नितिन गुप्ता से लूटपाट की थी। नितिन की दोस्ती साेशल मीडिया के जरिए तनु वर्मा नाम की युवती से हुई थी। उसने युवक को सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा स्पायरा बिल्डिंग में बुलाया। मुलाकात के दौरान महिला ने युवक को अधिक मात्रा में शराब पिलाई, इसके बाद उसने युवक के गले से सोने की चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट और करीब 27 हजार रुपये नकद चोरी करके भाग गई थी। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही पुलिस ने आज इस घटना में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पकड़ी गई महिला की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी 25 वर्षीय सीता चक्रवर्ती उर्फ तनु वर्मा उर्फ माया के रूप में हुई है। वह वर्तमान में दिल्ली के पहाड़गंज में रह रही थी। वहीं उसके साथी की पहचान शालीमार गार्डन गाजियाबाद निवासी सागर चौहान के रूप में हुई है।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि महिला पहले सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप के जरिए युवकों को निशाना बनाती थी। उनसे बातचीत कर दोस्ती करती और मिलने के लिए बुलाती थी। मुलाकात के दौरान वह उन्हें नशीला पदार्थ या ज्यादा शराब पिलाकर नशे में कर देती थी। इसके बाद उनसे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो जाती थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी