home page

राइस मिल परिसर में मिला युवक का शव

 | 
राइस मिल परिसर में मिला युवक का शव


जौनपुर, 2 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पिलखुआ गांव में मंगलवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह युवक का शव घर से करीब दो सौ मीटर दूर स्थित एक राइस मिल परिसर के पास मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान अमित कुमार (32) पुत्र सभाजीत निवासी पिलखुआ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात युवक घर से कुछ दूरी पर स्थित राइस मिल परिसर के पास गया था। देर रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार को जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी केराकत अजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव