रायपुर : खून से लथपथ मिली युवक की लाश, हत्या की आशंका
रायपुर, 05 मार्च (हि.स.)। राजधानी रायपुर के खारून रेलवे कॉलोनी में गुरुवार सुबह युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतक की शिनाख्त राजा साहू के रुप में हुई है।
मामला गंज थाना क्षेत्र का है। गंज पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुबह कुछ राहगीरों ने रेलवे कॉलोनी के भीतर युवक को खून से सना हुआ जमीन पर पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। आपसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दरअसल, गुरुवार सुबह राहगीरों की सूचना पाकर गंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान राजा साहू के रूप में हुई है, जो चूना भट्टी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के आसपास जमीन पर खून के धब्बे पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की जांच की जा रही है। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

