तालाब किनारे झाड़ियों में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
बांदा, 13 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में तिंदवारी थाना क्षेत्र के छापर गांव में रविवार सुबह तालाब किनारे झाड़ियों में 25 वर्षीय युवक का शव मिला। युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए जाने और करंट लगने की आशंका सामने आने से मामला संदिग्ध हो गया है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
ग्रामीणों ने सुबह तालाब किनारे झाड़ियों में युवक का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान शंकर नगर निवासी उमेश के रूप में कराई है। सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मामले की जांच के लिए दो अन्य टीमों का भी गठन किया है।
परिजनों के मुताबिक, उमेश शनिवार शाम बिना बताए घर से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। रविवार सुबह तालाब किनारे उसका शव मिलने की सूचना मिली। पिता चुन्नू वर्मा ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि उमेश की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। आशंका है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को झाड़ियों में फेंका गया है।
क्षेत्राधिकारी सौरभ सिंह के अनुसार प्रथम दृष्टया युवक के शरीर पर कुछ चोटों के निशान मिले हैं। वहीं, करंट लगने की बात भी सामने आ रही है। ऐसे में हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट होगी। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

