अनूपपुर: कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला युवक का शव, सुबह भाभी ने लटका देखा
अनूपपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्र के ग्राम चकेठी में बुधवार सुबह युवक का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की 25 वर्षीय मुकेश कोल पुत्र रामबली कोल मजदूरी करता था और अविवाहित था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय में पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के बड़े भाई दुर्गेश कोल ने बताया कि मुकेश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह करीब डेढ़ महीने पहले काम के सिलसिले में गुजरात गया था और वहां से लौट आया था। मंगलवार को वह दिनभर घर से बाहर रहा और रात करीब 11 बजे वापस आया। इस दौरान भाभी ने उसे खाना खाने के लिए कहा, लेकिन उसने कुछ देर बाद खाना खाने की बात कही और अपने कमरे में सोने चला गया। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी सो गए। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे तक मुकेश नहीं उठा तो उसकी भाभी उसे जगाने कमरे में गई। वहां उसने मुकेश को छत में लगी बल्ली से बंधी पट्टी के सहारे फंदे पर लटका देखा। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को जानकारी दी गई। मृतक के पिता रामबली कोल मंगलवार को रिश्तेदार के निधन के बाद आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने कोतमा गए थे। उनके लौटने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौत का कारण अज्ञात, पुलिस कर रही जांच
चचाई थाने के विवेचक प्रधान आरक्षक सुखसेन ने बताया कि घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात की है। फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। परिजनों से पूछताछ की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

