home page

आम के पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका मिला, क्षेत्र में सनसनी

 | 
आम के पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका मिला, क्षेत्र में सनसनी


मुरादाबाद, 03 जुलाई (हि.स.)। मुरादाबाद जिले के थाना कुंदरकी क्षेत्र के ग्राम मुरादपुर के जंगल में शुक्रवार शाम आम के पेड़ पर एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। मामले में पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

कुंदरकी क्षेत्र के ग्राम मुरादपुर के जंगल में आम के पेड़ पर फंदे से लटके मिले शव में मृतक युवक की पहचान कस्बा कुंदरकी के मोहल्ला कायस्तान निवासी अरमान (18 वर्ष) पुत्र ताहिर के रूप में हुई। वह बेल्डिंग का कार्य करता था। शुक्रवार सुबह घर पर काम को लेकर हुई डांट-फटकार के बाद अरमान नाराज होकर घर से निकल गया था। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।

बताया जा रहा है कि परिजन उसे काम करने के लिए समझाते थे, जिससे वह कुछ समय से नाराज चल रहा था। इसी बीच शुक्रवार शाम लगभग छह बजें मुरादपुर के जंगल में आम के पेड़ पर एक युवक का शव फंदे से लटका होने की सूचना पुलिस को मिली।

मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के मोबाइल पर आ रही कॉल के आधार पर उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही मृतक के पहचान वाले व परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। मृतक अपने पीछे तीन भाई और दो बहनों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां बानो व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल