आपसी विवाद में युवक को चाकू मारे , हाथ में 7 टांके आए
मंदसौर, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के दलौदा कस्बे में शनिवार रात बीड़ी को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में 23 वर्षीय विजय नाथ घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कुमारवाड़ा निवासी विजय नाथ (23) शनिवार रात दलौदा कृषि उपज मंडी रोड स्थित एक चाय की दुकान पर चाय पीने गया था। इसी दौरान सिराज नामक व्यक्ति वहां पहुंचा और विजय से बीड़ी मांगने लगा। परिजनों के मुताबिक, विजय द्वारा बीड़ी देने से मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर सिराज ने विजय पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में विजय के हाथ में गंभीर चोट आई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल दलौदा थाने पहुंचाया। पुलिस ने घायल विजय को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों ने बताया कि चाकू लगने से उसके हाथ में गहरा घाव हो गया है। चिकित्सकों ने घायल के हाथ में 7 से 8 टांके लगाए हैं।
एडिशनल एसपी टी.एस. बघेल ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

