home page

ऑटो में सवारी बनकर बैठे युवक ने किराना व्यापारी के 50 हजार उड़ाए

 | 
ऑटो में सवारी बनकर बैठे युवक ने किराना व्यापारी के 50 हजार उड़ाए


कानपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। हरबंश मोहाल थाना अंतर्गत शुक्रवार को ऑटो सवार किराना व्यापारी की जेब से 50 हजार रुपये चोरी हो गए। व्यापारी को रकम गायब होने का पता नयागंज जाते समय चला। उन्होंने बगल में बैठे युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह धक्का देकर भाग निकला।

मूलरूप से हमीरपुर के छानी गांव निवासी पुरुषोत्तम दास शिवहरे (60) किराना व्यापारी हैं। उन्होंने बताया कि वह कारोबार के सिलसिले में एक लाख रुपये लेकर कानपुर आए थे। टाटमिल पर बस से उतरने के बाद वह नयागंज जाने के लिए ऑटो की पिछली सीट पर बैठ गए। ऑटो में पहले से एक सवारी बैठी थी। कुछ देर बाद एक युवक उनके बगल में आकर बैठ गया।

सुतरखाना पुलिस चौकी से करीब 50 कदम पहले उतरने के दौरान पुरुषोत्तम ने जेब टटोली तो उसमें रखे 50 हजार रुपये गायब थे। जेब कटी मिलने पर उन्हें बगल में बैठे युवक पर शक हुआ। उन्होंने युवक का हाथ पकड़ लिया, लेकिन वह उन्हें धक्का देकर टाटमिल पुल की ओर भाग गया।

घटना के बाद पीड़ित बुजुर्ग व्यापारी ने भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता को जानकारी दी। विनोद गुप्ता अन्य व्यापारियों के साथ उन्हें लेकर सुतरखाना चौकी पहुंचे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर घटनास्थल की जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

हरबंश मोहाल थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप