home page

दाेस्ताें के साथ हाेली खेलने निकले युवक की चाकू से गाेदकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

 | 
दाेस्ताें के साथ हाेली खेलने निकले युवक की चाकू से गाेदकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी


रायपुर, 04 मार्च (हि.स.)। राजधानी रायपुर के आरंग में होली की खुशियाें के बीच साहू पारा में कुछ हुड़दंगियों ने एक 18 वर्षीय युवक की नृशंस हत्या कर दी। मृतक की पहचान रामनगर चौक निवासी नीरज लोधी के रूप में हुई है। नीरज अपने घर का इकलौता चिराग था।

जानकारी के अनुसार, मृतक नीरज लोधी होली खेलने अपने दो दोस्तों के साथ माेटरसाइकिल पर सवार होकर घूमने निकला था। जैसे ही वे साहू पारा पहुंचे, वहां पहले से हुड़दंग कर रहे युवकों के एक समूह ने उन्हें रोक लिया। चश्मदीदों के अनुसार, हुड़दंगियों ने नीरज को चलती माेटरसाइकिल से नीचे गिरा दिया और बिना किसी बड़ी वजह के उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान नीरज के साथ मौजूद उसके दो दोस्तों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।

प्राथमिक जांच में पता चला है कि हमलावरों ने नीरज पर बेहद क्रूरता से वार किए थे। उसके शरीर पर चाकू के तीन गहरे निशान मिले हैं, साथ ही उसके सिर पर भी गंभीर चोट के निशान हैं। अधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण नीरज की मौके पर ही मौत हो गई।

इस जघन्य हत्याकांड के बाद साहू पारा और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अभी नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर गश्त बढ़ा दी गई है।

आरंग पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। हालांकि, सभी आरोपित फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस की एक टीम संदिग्धों के घरों पर दबिश दे रही है और फरार युवकों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल