home page

झगड़ा छुड़ाने के विवाद में युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

 | 
झगड़ा छुड़ाने के विवाद में युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार


जौनपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में झगड़ा छुड़ाने के विवाद में युवक की पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने रविवार को तीन वांछित आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद हुआ है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर ने रविवार काे बताया कि गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुकुहां गांव निवासी लल्लन राजभर ने 28 नवंबर को थाना में तहरीर दी थी। उन्हाेंने आरोप लगाया कि 27 नवंबर को झगड़ा छुड़ाने की बात को लेकर विपक्षियों ने उनके पुत्र बिंद्रेश राजभर को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के अभियान चलाया जा रहा था। गौराबादशाहपुर पुलिस ने रविवार को सूचना पर आजमगढ़ रोड स्थित आरा पुलिया के पास से तीनों आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान इसी गांव के रहने वाले सानू उपाध्याय (23), विकास तिवारी (27) और वीरू पांडेय (29) के रूप में हुई है। आरोपिताें के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी काे जेल भेज दिया गया।--------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव