home page

पूर्व पति के साथ मिलकर अपने दूसरे पति की हत्या, एक वर्ष बाद दोनों सूरत से गिरफ्तार

 | 
पूर्व पति के साथ मिलकर अपने दूसरे पति की हत्या, एक वर्ष बाद दोनों सूरत से गिरफ्तार


पन्ना, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के पन्‍ना जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित बघवारकलां हत्याकांड का पुलिस ने बुधवार को खुलासा करते हुए एक वर्ष से फरार चल रहे पति-पत्नी को गुजरात के सूरत शहर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने पूर्व पति के साथ मिलकर अपने दूसरे पति की हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपित रामप्रताप सोनी और अर्चना सोनी को सूरत के कपोदरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

पुलिस जांच के अनुसार, घटना जुलाई 2025 की है। उस समय अर्चना सोनी अपने दूसरे पति नन्नू सोनी के साथ रह रही थी। पारिवारिक विवाद और बच्चों को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। इसी दौरान अर्चना ने अपने पूर्व पति रामप्रताप के साथ मिलकर नन्नू सोनी की हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2025 की रात दोनों आरोपितों ने लकड़ी की मुगरिया से हमला कर नन्नू सोनी की हत्या कर दी और वारदात के बाद फरार हो गए।

मामले के खुलासे के लिए पन्ना पुलिस ने पिछले 12 माह के दौरान मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात सहित कई राज्यों में लगातार तलाश अभियान चलाया। इस दौरान आरोपित पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने, पहचान और वेशभूषा बदलते रहे। अंततः साइबर सेल और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को गुजरात के सूरत स्थित कपोदरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में रैपुरा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक स्मिता सिंह बघेल, थाना पुलिस और साइबर सेल पन्ना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे