home page

रायपुर में युवक की धारदार हथियार से हत्या

 | 

रायपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर में गौसिया मस्जिद के पास बीती रात दो हमलावरों ने युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस माैके पर पहुंचकर तत्काल एम्स पहुंचाया, जहां डाक्टराें ने मृत घाेषित कर दिया। पुलिस मर्ग कायम कर घटना की जांच कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना अश्वनी नगर इलाके के गौसिया मस्जिद के पास रात करीब 11 बजे की है। जहां दो अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से युवक पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपिताें और युवक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान युवक ने बचने के लिए एक्टिवा से भागने का प्रयास किया। स्कूटी नाली में फंसने के बाद युवक सड़क पर गिर गया, पीछा कर रहे बदमाशों ने फिर ताबड़तोड़ वार कर दिया। मृतक की पहचान डंगनिया निवासी 22 वर्षीय अहमद खान के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपित फरार हो गए।

घटना की सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। लहूलुहान युवक को एम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस के आला अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

वारदात के बाद रात में ही आरोपित ट्रेन से भागने के फिराक में होने की सूचना मिली। आरपीएफ के समन्वय से हत्याकांड के संदिग्ध तीन नाबालिग को बिलासपुर और एक नाबालिग को रायपुर से हिरासत में लिया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आपसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। यह भी पता चला की हत्या में शामिल एक नाबालिग कुछ दिन पहले ही लूट के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से छूटकर बाहर आया था। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल