घर के बाहर युवक की ईंट से सिर कूचकर हत्या, भाई लापता
कानपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद कानपुर के सचेण्डी थाना क्षेत्र स्थित कटरा भैंसोर गांव में घर के बाहर बरामदे में सो रहे युवक की ईंट से सिर और चेहरा कूचकर हत्या कर दी गई। शनिवार को घर के बाहर युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड की मदद से घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद से मृतक का बड़ा भाई लापता है। पुलिस उसकी तलाश के साथ ही हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान गांव निवासी सोनू कुमार (35) के रूप में हुई। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में उसकी वृद्ध मां रामजानकी और बड़ा भाई मिंचू है। मां करीब एक महीने से घाटमपुर में अपनी बड़ी बेटी के घर रह रही हैं। सोनू और उसका भाई एक ही घर में रहते थे। आज सोनू की बहन ने उसे फोन किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बाद भी जवाब नहीं मिला। इस पर उसने पड़ोस में रहने वाले चचेरे भाई को घर जाकर देखने के लिए कहा। चचेरा भाई पहुंचा तो घर के बाहर सोनू का शव पड़ा मिला। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे।
परिजनों और ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट बरामद हुई। फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस को घर के बाहर रस्सी पर सूख रहे कपड़ों पर खून के निशान भी मिले हैं। घटना के बाद से सोनू का बड़ा भाई मिंचू गायब है। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। घर पर ताला लगा मिला और उसके पैदल जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर उसकी भूमिका समेत अन्य संभावनाओं की पड़ताल कर रही है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतक के परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द घटना का खुलासा करने और संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। मामले में अभियोग पंजीकृत कर तीन पुलिस टीमें जांच में लगाई गई हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
--------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

