अनूपपुर: युवक की ट्रेन से कटकर मौत,आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस से हुई शिनाख्त
अनूपपुर, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के विवेक नगर के पास रेलवे लाइन पर रविवार शाम एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर चचाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस को शव के पास से एक पर्स मिला, जिसमें आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस मौजूद थे। इनके आधार पर मृतक की पहचान 34 वर्षीय संतोष सिंह कुशराम के रूप में हुई, जो शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र के चापा गांव निवासी सज्जन सिंह कुशराम के पुत्र थे।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने पर शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल अनूपपुर भेजा गया। शाम 5 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
विवेचक प्रधान आरक्षक मोहन सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मृतक का सिर क्षत-विक्षत पाया गया और शरीर ट्रेन की चपेट में आने के बाद कुछ दूरी तक घसीटा गया था।
ड्राइवरी करता था युवक
परिजनों ने पुलिस को बताया कि संतोष सिंह कुशराम पिछले कुछ वर्षों से अपने परिवार के साथ फुनगा थाना क्षेत्र के कांपा गांव स्थित ससुराल में रह रहे थे। वह ड्राइवरी और मजदूरी का काम करते थे। परिजनों के अनुसार, संतोष पिछले तीन-चार वर्षों से मानसिक परेशानी से जूझ रहे थे।
दो दिन पहले भी संतोष ने परिजनों से बातचीत में अपनी खराब मानसिक स्थिति का जिक्र किया था और इलाज कराने की बात कही थी। चचाई पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

