home page

कोरबा : होली खेलने निकला युवक पेड़ पर फांसी के फंदे पर मिला, हत्या की आशंका

 | 

कोरबा, 05 मार्च (हि. स.)। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में होली के दिन एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। होली खेलने घर से निकला युवक रात भर घर नहीं लौटा और आज गुरुवार सुबह उसका शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुराकछार और आनंद नगर के बीच खोलार नदी किनारे आज गुरुवार सुबह एक युवक का शव पेड़ पर लटका हुआ देखा गया। मृतक की पहचान मनीष कंवर (18) पिता धुल सिंह कंवर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनीष बुधवार दोपहर होली खेलने घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।

परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो घर से कुछ दूरी पर खोलार नदी के पास पेड़ पर गमछे से बने फंदे पर युवक का शव घुटने के बल झूलता हुआ मिला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि, यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और युवक की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की आशंका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है।

पुलिस का कहना है कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक ने आत्महत्या की है या फिर उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी